Buxar | BhojpurMail
राजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक 25 वर्षीय महिला का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान कंचन देवी के रूप में हुई है, जो तीन छोटे बच्चों की मां थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि मौत की वजह अभी तक रहस्य बनी हुई है।
कंचन देवी के पति धर्मेंद्र राजभर चेन्नई में एक निजी कंपनी में काम करते हैं और रोजी-रोटी के लिए वहां रहते हैं। कंचन अपने बच्चों और 16 साल की बहन के साथ गांव में ही रहती थीं। गुरुवार रात उन्होंने घर में सभी के साथ भोजन किया और फिर सोने चली गईं।
शुक्रवार सुबह जब उनकी बहन की नींद खुली तो उसने देखा कि कंचन पंखे से लटकी हुई हैं। वह जोर-जोर से चीखने लगी, जिससे पूरे घर और गांव में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कंचन की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि वे मामले की हर बिंदु से जांच कर रहे हैं।
BhojpurMail से बात करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि कंचन देवी शांत स्वभाव की थीं और उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उन्होंने कभी किसी परेशानी की भी शिकायत नहीं की थी। ऐसे में यह सवाल सबके मन में है कि आखिर उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके पति धर्मेंद्र चेन्नई से गांव के लिए रवाना हो गए हैं। तीन बच्चों की मां की इस तरह हुई मौत से पूरा गांव स्तब्ध है और लोग अभी भी सदमे में हैं। पुलिस फिलहाल इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
#BuxarNews #हरपुर_गांव #बिहारखबर #BhojpurMail #CrimeNews #BreakingNews